भाजपा एमएलसी ने दी ऑडियो क्लीप, राऊत का दावा
मुंबई, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मराठा आरक्षण आंदोलक मनोज जारंगे पाटिल के 500 करोड़ रुपये के ऑडियो क्लीप बम ने राजनीति में हलचल मचा रखी है। सवाल उठ रहे हैं कि यह क्लीप जरांगे पाटिल को किसने दी। इस पर शिवसेना (यूबटी) के सांसद संजय राऊत ने दावा किया है कि भाजपा के एक विधान परिषद सदस्य ने यह ऑडियो क्लीप सामने लाई है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की है कि इस मामले की एसआईटी जांच की जाएगी। हालांकि राऊत ने मुख्यमंत्री के इस फैसले की आलोचना की है। उनका कहना है कि कई मामलों की एसआईटी जांच की गई है। अभी उनकी रिपोर्ट का पता नहीं है। क्या कार्रवाई की गई, वह भी गुलदस्ते में है। मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए। जरांगे पाटिल ने 500 करोड़ रुपये का आरोप लगाया है। इसका पहले आपराधिक मामला दर्ज किया जाए और ईडी मामले की जांच करे। उन्होंने कहा कि भाजपा के विधान परिषद के एक विधायक ने यह क्लीप जारी की है। क्लिप जारी करने वाले व्यक्ति का इरादा क्या था? किसे इतना लाड़-प्यार दिया गया? कौन इतना खुश हुआ? यह सब तो अभी रहस्य का विषय है।
राऊत ने भाजपा और शिंदे सेना पर हमला बोलते हुए कहा कि दोनों दलों के नेता एक-दूसरे को मुसीबत में डालने के लिए सिस्टम और पैसे का इस्तेमाल कर रहे हैं। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के बीच का झगड़ा चरम पर पहुंच गया है। ढाई साल बाद यह टेप कैसे सामने आया, यह सवाल मुख्यमंत्री के लिए खड़ा हो गया है। भाजपा के अंदर की बातचीत रिकॉर्ड होकर बाहर आ गई है। यह बहुत गंभीर मामला है। भाजपा में इस समय आपस में कॉम्पिटिशन चल रहा है। सभी को यकीन है कि सेंटर की सरकार गिर जाएगी। मुंढवा भूमि मामले में सुनेत्रा पवार के ऑफिस के लोगों को बुलाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

