अमित ठाकरे के जन्मदिन समारोह में शामिल हुए आदित्य ठाकरे
मुंबई, 24 मई (हि.स.)। मनसे प्रमुख राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे के जन्मदिन के मौके पर शिवसेना (यूबीटी) पक्षप्रमुख के बेटे व विधायक आदित्य ठाकरे शिवतीर्थ पहुंचे। आदित्य ने परिवार से मुलाकात की और अमित को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। ठाकरे बंधुओं की इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
मुंबई महानगरपालिका चुनाव में ठाकरे बंधु साथ आए थे। ठाकरे परिवार के रिश्तों में नजदीकियां बनी हुई हैं। जब से ठाकरे बंधु एक साथ आए हैं, एक-दूसरे के घर और पारिवारिक कार्यक्रमों में आने-जाने का सिलसिला बना हुआ है। मनपा चुनाव के बाद पहली बार आदित्य राज ठाकरे के दादर स्थित शिवतीर्थ आवास पहुंचे और अमित के जन्मदिन समारोह में शामिल हुए। शिवतीर्थ पहुंचते ही चाचा राज ठाकरे सामने आए और आदित्य ने उनका के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। आदित्य और अमित ने एक-दूसरे को गले लगाया। इसके बाद आदित्य ने फूलों का गुलदस्ता देकर अमित को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राज ठाकरे की मां कुंदा ठाकरे की मौजूदगी में अमित ने अपना बर्थडे केक काटा। नवी मुंबई के मनसे कार्यकर्ता अमित ठाकरे के लिए एक खास केक लाए थे, जिस पर नीट हटाओ, देश बचाओ लिखा था।
आदित्य ने अमित की मां और चाची शर्मिला ठाकरे से भी मुलाकात की। कई दिनों के बाद रविवार को आदित्य और अमित दोनों युवा नेताओं के बीच विस्तृत बातचीत भी हुई। इस मुलाकात से दोनों पार्टियों के कार्यकर्तओं में खुशी का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

