home page

उमरिया: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघ का हमला, महिला की मौत; ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

 | 
उमरिया: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघ का हमला, महिला की मौत; ग्रामीणों का फूटा गुस्सा


उमरिया, 24 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले स्थित विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा रेंज क्षेत्र में बाघ के हमले से दहशत फैल गई है। ग्राम पनपथा में शनिवार देर रात एक बाघ घर में घुस आया और हमला कर दिया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, मृतक महिला की पहचान फूल बाई पाल (48) पत्नी पहलू पाल निवासी ग्राम पनपथा के रूप में हुई है। घटना शनिवार देर रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है। वहीं खेरवा टोला में भी बाघ के हमले में दशईया पाल समेत चार लोग घायल हुए हैं।

वन विभाग पर लापरवाही के आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची। इससे नाराज ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। रविवार सुबह वन विभाग की टीम गांव पहुंची, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में बाघ की गतिविधियां बढ़ी हुई हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।

ग्रामीणों ने रेंजरों को घेरा

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। गुस्साए ग्रामीणों ने पनपथा रेंजर प्रतीक श्रीवास्तव के साथ मारपीट कर दी, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं और सिर पर भी चोट लगी। किसी तरह उन्हें वहां से बाहर निकाला गया। इसी दौरान महिला रेंजर अंजू वर्मा को भी ग्रामीणों ने घेर लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की घटना सामने आई। बाद में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्थिति संभालने की कोशिश की।

कांग्रेस नेत्री पहुंचीं मौके पर

घटना की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेत्री एवं जनपद सदस्य रोशनी सिंह धुर्वे मौके पर पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीणों को शांत कराने और महिला रेंजर को मुक्त करवाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ।

पुलिस और प्रशासन मौके पर मौजूद

पनपथा क्षेत्र के एसडीओ भूरा गायकवाड़ ने रविवार को बताया कि फिलहाल प्रशासन कानून-व्यवस्था की स्थिति संभालने में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि स्थिति सामान्य होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

ग्रामीणों के मुताबिक, घटना के बाद काफी देर तक महिला का शव घर के अंदर पड़ा रहा और बाघ आसपास ही मौजूद था। सूचना मिलने पर इंदवार पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्‍द्र त्रिपाठी