home page

अनूपपुर: जिले में अब तक 3.45 लाख किताबों का वितरण,3 कक्षाओं को नहीं मिली सामाजिक विज्ञान-गणित की किताबें

 | 
अनूपपुर: जिले में अब तक 3.45 लाख किताबों का वितरण,3 कक्षाओं को नहीं मिली सामाजिक विज्ञान-गणित की किताबें


पढ़ाई भी ठप,पाठ्य पुस्तक निगम को 7.61 लाख की डिमांड पर भेजी 4.91 लाख किताबें

अनूपपुर, 6 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश भर में जुलाई महीने से विद्यालयों का संचालन प्रारंभ हो गया है और शैक्षणिक गतिविधियां में प्रारंभ कर दी गई है। इसके बावजूद जिले के शासकीय विद्यालयों में अभी तक मांग के अनुसार किताबों की आपूर्ति नहीं हो सकी है। इस कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बताया जाता कि जिले में अभी तीन लाख से अधिक किताबों की आपूर्ति पाठ्य पुस्तक निगम रीवा से नहीं होने पर विद्यालयों में इसका वितरण नहीं किया गया है।

कक्षा 1, 3 और 6 में सामाजिक विज्ञान तथा गणित के किताब अब तक नहीं मिले हैं। जबकि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत पाठ्यक्रम में बदलाव के कारण अभी तक इनका प्रकाशन नहीं हो पाया है, जिससे विद्यालयों में किताब उपलब्ध नहीं हो पाई है। कक्षा 1 एवं 3 में गणित एवं कक्षा 6 में सामाजिक विज्ञान एवं गणित की किताबें अब तक छात्र-छात्राओं को नहीं मिल पाई है जिसके कारण इन विषयों की पढ़ाई विद्यालयों में अभी तक प्रारंभ नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार जिले में कक्षा 1 से 8 तक संचालित विद्यालयों में 7 लाख 61 हजार 156 किताब के ऑर्डर पाठ्य पुस्तक निगम रीवा को दिए गए थे। कुल 4 लाख 91 हजार 124 पुस्तकें निगम ने विभाग को भेजी है।

शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने के बावजूद अभी तक शासकीय विद्यालयों में विभिन्न विषयों के किताब उपलब्ध नहीं होने से अभिभावक के साथ ही विद्यालय के संबंधित शिक्षक भी परेशान हो रहे हैं। बच्चे स्कूल तो जा रहे हैं लेकिन उनके पास किताब उपलब्ध न होने के कारण स्कूल में पढ़ाई प्रारंभ नहीं हो पा रही है। विद्यालय के शिक्षक पाठ्यपुस्तक निगम से हो रही लेट लतीफी से होने वाली परेशानी की शिकायत भी डीपीसी से दर्ज कर रहे हैं इसके बावजूद पुस्तकें अभी तक जिले में नहीं पहुंच पाई हैं।

एपीसी संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि पाठ्य पुस्तक निगम रीवा से अभी लगभग डेढ़ लाख किताब नहीं मिली है, पोर्टल पर अपडेशन नहीं हुआ है। इस वजह से रिपोर्ट में ज्यादा दिख रहा है। जैसे ही किताब प्राप्त होती है वितरण होगा। कुछ क्लास के सिलेबस चेंज हुए हैं, जिनके नए बुक्स पब्लिश हो रहे हैं जिस वजह से गणित तथा सामाजिक विज्ञान के बुक्स अभी उपलब्ध नहीं हो पाए हैं।

किताबों की मांग: 7 लाख 61 हजार 156 किताबों का ऑर्डर जिले में से गया। इनमें अनूपपुर विकासखंड के लिए 1 लाख 44 हजार 831, कोतमा विकासखंड में 95 हजार 815, जैतहरी विकासखंड में 2 लाख 202, पुष्पराजगढ़ विकासखंड में 3 लाख 20 हजार 308 पुस्तकों के आर्डर शामिल हैं।

आपूर्ति : कुल 4 लाख 91 हजार 124 पुस्तकें निगम ने विभाग को भेजी है, जिसमें अनूपपुर विकासखंड के लिए 79 हजार 448, कोतमा विकासखंड में 51 हजार 531, जैतहरी विकासखंड में 1 लाख 39 हजार 975, पुष्पराजगढ़ विकासखंड के लिए 2 लाख 20 हजार 170 किताबें भेजी गई हैं।

बीआरसी को मिली : कुल 4 लाख 55 हजार 330 किताबें बीआरसी को प्राप्त हुई हैं। अनूपपुर को 79448, कोतमा को 51331, जैतहरी को 139975 एवं पुष्पराजगढ़ को 184376 किताब मिली है।

अब तक वितरण : अब तक 3 लाख 45 हजार 918 किताबों का वितरण किया गया है। अनूपपुर विकासखंड में 70 हजार 774, कोतमा में 44 हजार 802, जैतहरी में 90 हजार 829 एवं पुष्पराजगढ़ विकासखंड में 1 लाख 39 हजार 513 पुस्तकों का वितरण किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला