home page

श्योपुर: मध्य प्रदेश की जंगल बुक में जुड़े दो और शावकों के नाम, मादा चीता वीरा ने जन्मे दो नन्हे शावक

 | 
श्योपुर: मध्य प्रदेश की जंगल बुक में जुड़े दो और शावकों के नाम, मादा चीता वीरा ने जन्मे दो नन्हे शावक


श्योपुर: मध्यप्रदेश की जंगल बुक में जुड़े दो और शावकों के नाम, मादा चीता वीरा ने जन्मे दो नन्हे शावक

-मुख्यमंत्री और वन मंत्री ने एक्स पर डाली पोस्ट, मध्यप्रदेश की धरती पर लगातार बढ़ रही चीतों की संख्या

श्योपुर, 04 फरवरी (हि.स.)। श्योपुर जिले के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतों का कुनबा लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को मध्य प्रदेश की जंगल बुक में दो और नन्हे शावकों के नाम जुड़ गए हैं। मादा चीता वीरा ने दो शावकों को जन्म दिया है। कूनो में जन्मे शावकों को लेकर मुख्यमंत्री और वन मंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर शावकों की तस्वीर साझा करते हुए लिखा है कि नन्हे चीतों की किलकारी से फिर गूंजा कूनो, मध्य प्रदेश की जंगल बुक में दो चीता शावकों की दस्तक...। वहीं केन्द्रीय वन मंत्री ने भी पोस्ट साझा करते हुए कूनो में शावकों के जन्म पर खुशी व्यक्त की है। कूनो राष्ट्रीय उद्यान में मंगलवार को दो नए चीता शावकों की किलकारी गूंजी है। मादा चीता वीरा ने दो नन्हे शावकों को जन्म दिया है। इस तरह कूनो राष्ट्रीय उद्यान में अब 14 शावकों और 12 वयस्क चीतों के साथ कुल संख्या 26 हो गई है। केन्द्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शावकों के जन्म पर खुशी व्यक्त करते हुए कूनो राष्ट्रीय उद्यान प्रबंधन के अधिकारियों, चिकित्सा विशेषज्ञों और मैदानी कर्मचारियों को जन्मे शावकों पर विशेष नजर रखने के लिए भी कहा है।

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता वीरा द्वारा दो शावकों के जन्म पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल पेज एक्स पर पोस्ट डालकर लिखा है कि मुझे यह जानकारी साझा करते हुए अत्यंत आनंद की अनुभूति हो रही है कि मध्यप्रदेश की धरती पर चीतों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। आज मादा चीता वीरा ने दो नन्हे शावकों को जन्म दिया है। मध्यप्रदेश की धरती पर चीता शावकों का स्वागत है। प्रदेशवासियों को इन नन्हे शावकों के आगमन पर हार्दिक बधाई प्रेषित करता हूं। प्रोजेक्ट से संबंधित सभी अधिकारियों, चिकित्सकों एवं फील्ड स्टाफ को बधाई। जिनके अथक परिश्रम के परिणाम स्वरूप आज मध्यप्रदेश को चीतों की धरती के नाम से भी जाना जाता है। प्रदेश में चीतों का कुनबा निरंतर बढऩे से प्रदेश के पर्यटन को नई उड़ान मिल रही है जिससे रोजगार के नए द्वार खुल रहे हैं। हम चीतों के साथ ही समस्त वन्यजीवों के संरक्षण, संवर्धन एवं पुनस्र्थापन के लिए सदैव तत्पर हैं।

केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने भी कूनो राष्ट्रीय उद्यान में जन्मे शावकों को लेकर एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा है कि बसंत ऋतु की शुरुआत के साथ कूनो की हवा में अंतहीन खुशी और उत्साह भर जाता है। हम कूनो राष्ट्रीय उद्यान में दो नए चीता शावकों के आगमन का स्वागत करते हैं। मादा चीता वीरा ने आज दो शावकों को जन्म दिया है।

कूनो में बढ़कर हुए 26 चीता: मध्यप्रदेश में चीतों की पुनस्र्थापना सफल साबित हुई है। कूनो राष्ट्रीय उद्यान में बसाए गए चीतों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है। मंगलवार को मादा चीता वीरा द्वारा दो शावकों को जन्म देने के बाद कूनो राष्ट्रीय उद्यान में शावकों की संख्या 14 हो गई है। वहीं वयस्क चीतों की संख्या 12 है। इस तरह कुल चीतों का कुनबा बढ़कर 26 हो गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद

हिन्दुस्थान समाचार / शरद शर्मा