home page

पन्ना में चलती ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया निकलने से अनियंत्रित हाेकर पलटा, चार मजदूर गंभीर घायल

 | 
पन्ना में चलती ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया निकलने से अनियंत्रित हाेकर पलटा, चार मजदूर गंभीर घायल


पन्ना, 24 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिला मुख्यालय के समीप रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पटी बजरिया मोड़ के पास मजदूरों से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पन्ना में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना अचानक हुआ कि ट्रैक्टर में बैठे मजदूर संभल भी नहीं सके और सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ट्रैक्टर चालक अनिल गोंड ने बताया कि वह मजदूरों को लेकर अर्चना वेयरहाउस जा रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर पटी बजरिया मोड़ के पास पहुंचा, उसका अगला पहिया अचानक निकल गया। इससे ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

ये मजदूर हुए घायल

हादसे में घायल मजदूरों की पहचान राम सिंह (23) पुत्र प्यारे निवासी हरदुआ नई बस्ती, हल्कू आदिवासी (24) पुत्र प्रेम निवासी बोदा, सिंटू आदिवासी (23) पुत्र बद्री निवासी हरदुआ नई बस्ती और रूप लाल (26) पुत्र रुंज निवासी हरदुआ नई बस्ती के रूप में हुई है। सभी मजदूर बताए जा रहे हैं और काम के लिए वेयरहाउस जा रहे थे।

अस्पताल में इलाज जारी

जिला अस्पताल पन्ना के डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों का इलाज जारी है। कुछ मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन की तकनीकी खराबी हादसे की वजह मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे