home page

नरसिंहपुर: तेज रफ्तार डंपर ने युवक को कुचला, मौके पर मौत, शव रखकर 10 घंटे हाईवे जाम

 | 
नरसिंहपुर: तेज रफ्तार डंपर ने युवक को कुचला, मौके पर मौत, शव रखकर 10 घंटे हाईवे जाम


नरसिंहपुर, 24 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के संसारखेड़ा रेत खदान क्षेत्र में शनिवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। रेत से भरे तेज रफ्तार डंपर ने एक 20 वर्षीय युवक को कुचल दिया। डंपर का पहिया युवक के शरीर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी हड्डियां चकनाचूर हो गईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान शैलेश पुत्र इंदर (20) निवासी क्षेत्र के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने शव को स्टेट हाईवे-44 पर रखकर चक्काजाम कर दिया। यह प्रदर्शन शनिवार शाम 7 बजे शुरू हुआ, जो रविवार सुबह करीब 5 बजे तक जारी रहा।

7 किलोमीटर लंबा जाम, रातभर फंसे वाहन

चक्काजाम के कारण हाईवे के दोनों ओर करीब 7 किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। रातभर यात्री और वाहन चालक जाम में फंसे रहे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन प्रदर्शनकारी मुआवजे और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

हादसे के बाद भागने लगा चालक

ग्रामीणों के मुताबिक हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से भागने की कोशिश कर रहा था। इससे लोगों का गुस्सा और भड़क गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि रेत खदान से निकलने वाले डंपर तेज रफ्तार और लापरवाही से चलते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने भारी वाहनों पर नियंत्रण और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रशासन ने दिया 5 लाख का मुआवजा

धरने में शामिल कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनीता पटेल ने बताया कि प्रशासन के साथ देर रात तक बातचीत चली। आखिरकार प्रशासन ने मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही शासन की योजनाओं के तहत अन्य सहायता देने का आश्वासन भी दिया गया। इसके बाद रविवार सुबह चक्काजाम खत्म हाे सका।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे