home page

मप्र : कड़ी सुरक्षा के बीच आज होगी यूपीएससी की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा

 | 
मप्र : कड़ी सुरक्षा के बीच आज होगी यूपीएससी की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा


ग्वालियर, 24 मई (हि.स.)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), नई दिल्ली द्वारा आज रविवार को सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 का आयोजन किया जा रहा है। मध्य प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय पर निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर यह परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी। प्रथम सत्र प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय सत्र दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक संचालित किया जाएगा।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 21 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित इस परीक्षा में कुल 6652 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। वहीं, इंदौर में 27 परीक्षा केन्द्रों पर कुल 12,104 परीक्षार्थी इसी परीक्षा में शामिल हैं। परीक्षा की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए संघ लोक सेवा आयोग द्वारा सभी केन्द्रों पर जैमर लगाए गए हैं।

संयुक्त कलेक्टर विनोद सिंह ने बताया कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों का प्रवेश परीक्षा प्रारंभ होने के 1.30 घंटे पूर्व प्रारंभ हो जायेगा। परीक्षार्थियों का प्रवेश आयोग द्वारा जारी किये गये प्रवेश पत्र एवं मूल आई.डी. के आधार पर होगा। अभ्यर्थियों से अपील है कि वे समय से पहले परीक्षा केन्द्र पर पहुंचें।

अभ्यर्थी परीक्षा केन्द्र पर मोबाइल फोन, बैग तथा किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस नहीं ले जा सकेंगे। परीक्षा केन्द्र पर अभ्यर्थियों का कोई भी सामान नहीं रखा जाएगा। परीक्षा कक्ष में जूते-मोजे पहनकर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। चप्पल इत्यादि पहनकर जा सकेंगे। पेयजल के लिए परीक्षार्थियों को पारदर्शी पानी की बोतल अपने साथ ले जाने की अनुमति रहेगी।

परीक्षार्थी केवल आयोग द्वारा जारी ई-प्रवेश पत्र, पेन पेन्सिल, पहचान पत्र स्व फोटोग्राफ की प्रतियां (जहां लागू हो) तथा ई-प्रवेश पत्र में दिये गये निर्देश अनुसार ही वस्तुएँ परीक्षा स्थल पर साथ ले जाने की अनुमति होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर