गुना में महिला कॉन्स्टेबल ने सरकारी क्वॉर्टर में लगाई फांसी, जांच जारी
गुना, 09 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना जिले में कोतवाली थाने में पदस्थ महिला कॉन्स्टेबल निशा शर्मा ने मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकालते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, अशोक नगर निवासी निशा शर्मा गुना पुलिस लाइन के सरकारी क्वॉर्टर में रहती थीं। मंगलवार सुबह वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकलीं। घर में काम करने वाली महिला जब सुबह उनके आवास पर पहुंची तो उसने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
दोपहर करीब 12 बजे तक भी क्वॉर्टर का दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को चिंता हुई और उन्होंने इसकी सूचना कैंट थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर निशा शर्मा का शव चादर से बने फंदे के सहारे पंखे से लटका मिला। पुलिस ने तत्काल शव को नीचे उतारकर जिला अस्पताल भेजा।
छुट्टी से लौटने के अगले दिन हुई घटना
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निशा शर्मा दो दिन की छुट्टी पर अपने गृह जिला अशोक नगर गई थीं। वह सोमवार शाम को ही अवकाश समाप्त कर गुना वापस लौटी थीं। इसके अगले ही दिन यह दुखद घटना सामने आई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा

