home page

ग्वालियर: बसंत पंचमी से तीन दिन पहले 28 डिग्री पर पहुंचा अधिकतम पारा

 | 

ग्वालियर, 30 जनवरी (हि.स.)। ठंड धीरे-धीरे कमजोर हो रही है, दिन बड़े हो रहे हैं, धूप भी तेज हो रही है। प्रकृति अपने पुराने लिहाफ को छोड़ फिर से नवयौवना बन अंगड़ाई ले रही है। कहीं मनमोहक पुष्प खिल रहे हैं, कहीं वृक्षों में नई कोंपलें फूट रही हैं, तो कहीं खेतों में लहलहाती पीली सरसों नववधु की तरह धरा का शृंगार कर रही है। मौसम का बदला-बदला सा यह व्यवहार ऋतुराज बसंत के आगमन का संकेत है।

इस बार बसंत पंचमी तीन फरवरी को मनेगी। इससे पहले ही मौसम में बदलाव दिखने लगा है। पिछले दो दिन से सूरज की किरणें काफी तल्ख हो गई हैं। जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से तीन-चार डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज हो रहा है। इससे अब दिन में ठंड का ज्यादा असर नहीं है। दिन में गर्म कपडऩे पहने पर अब गर्मी महसूस होने लगती है। ठंड अब केवल रात तक सीमित हो गई है। बसंत पंचमी से तीन दिन पहले गुरुवार 30 जनवरी को अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस पर रहा जो सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिन तक न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद

हिन्दुस्थान समाचार / शरद शर्मा