home page

सागर : बम्हौरी बीका में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, शासकीय भूमि से हटाया गया अतिक्रमण

 | 
सागर : बम्हौरी बीका में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, शासकीय भूमि से हटाया गया अतिक्रमण


सागर, 09 जून (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सागर जिले में शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को ग्राम बम्हौरी बीका में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की अधिग्रहित भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई।

जिला प्रशासन के अनुसार कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर राजस्व विभाग और NHAI की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

जानकारी के मुताबिक सागर-रहली मार्ग पर सर्विस रोड निर्माण के लिए NHAI द्वारा खसरा नंबर 15/1 और 15/3 की भूमि का अधिग्रहण किया गया था। अधिग्रहित भूमि के एक हिस्से पर कुछ लोगों द्वारा अवैध निर्माण कर लिया गया था, जिससे सड़क निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था।

संयुक्त कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से अवैध निर्माण को हटाया गया और भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्रशासन का कहना है कि इससे सड़क निर्माण कार्य में आ रही बाधाएं दूर हो सकेंगी।

कार्रवाई के दौरान राहुल गौड़, पटवारी अरविंद, NHAI के इंजीनियर आयुष पाठक तथा पुलिस बल मौजूद रहा।

प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जिले में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और चिन्हित स्थानों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे