भोजशाला में पहुंचे विधायक रामेश्वर शर्मा, बोले- ऐतिहासिक सत्य स्वीकार कर सौहार्द बढ़ाएं
धार, 09 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार स्थित भोजशाला में मंगलवार को भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए भोजशाला को लेकर अपने विचार व्यक्त किए और सामाजिक सौहार्द तथा संवाद पर जोर दिया।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि भोजशाला भारतीय संस्कृति, ज्ञान और आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने इसे मां सरस्वती का प्राचीन मंदिर बताते हुए कहा कि समाज को ऐतिहासिक तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सत्य को स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने मुस्लिम समाज से भी संवाद और आपसी सम्मान के साथ समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की।
शर्मा ने कहा कि धार के हिंदू समाज ने भोजशाला की पहचान और अधिकार को लेकर लंबे समय तक संघर्ष किया है। उनके अनुसार यह मुद्दा केवल जनआंदोलन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि न्यायालयों तक भी पहुंचा, जहां विभिन्न तथ्यों और दस्तावेजों पर विचार किया गया।
उन्होंने कहा कि भोजशाला का विषय केवल एक धार्मिक स्थल का नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान से भी जुड़ा हुआ है। उनका मानना है कि विवादित ऐतिहासिक विषयों का समाधान न्यायिक प्रक्रिया, तथ्यों और आपसी समझ के आधार पर होना चाहिए।
विधायक ने यह भी कहा कि देशभर के लोग भोजशाला प्रकरण पर नजर बनाए हुए हैं और यहां होने वाले घटनाक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने सभी पक्षों से शांति, संवाद और संवैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से आगे बढ़ने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

