home page

राजगढ़ः पशुपालन विभाग के तहत योजनाओं की समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई

 | 
राजगढ़ः पशुपालन विभाग के तहत योजनाओं की समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई


राजगढ़, 05 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ में गुरुवार को कलेक्टर डाॅ.गिरीशकुमार मिश्रा की अध्यक्षता में पशुपालन विभाग अंतर्गत योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं के भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्यों के विरुद्ध उपलब्धियों की विस्तार से समीक्षा की गई साथ ही डाॅ.भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, आचार्य विद्यासागर गौसंवर्धन योजना, संयुक्त पशु प्रजनन, बैकयार्ड कुक्कुट इकाई, मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना, नंदीशाला योजना, अनुदान पर भेड़ एवं बकरी इकाई, पशुधन बीमा योजना, गोपालक प्रशिक्षण एवं मैत्री प्रशिक्षण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

योजनाओं की प्रगति में सारंगपुर में अत्यंत निम्न प्रदर्शन पाए जाने पर कलेक्टर डाॅ. मिश्रा ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की साथ ही ब्यावरा, नरसिंहगढ़, जीरापुर में डेटा सुधारने के निर्देश दिए। साॅर्टेड उपलिब्ध में निम्न प्रदर्शन पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। नरसिंहगढ़ में कामधेनु योजना के तहत प्रकरणों को समय पर स्वीकृत नही किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की गई। किसान क्रेडिट कार्ड वितरण योजना में ब्यावरा के निम्न प्रदर्शन डाॅ.श्रुति सुमन एवं डाॅ अनीता पवार के विरुद्ध एक वेतनवृद्वि रोकने के निर्देश दिए गए। मोबाइल वेटरनरी यूनिट/चलित पशु चिकित्सा इकाई में काॅल अटेंड नही किए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी आपत्ति व्यक्त की। बैठक में कलेक्टर डाॅ.मिश्रा ने स्पष्ट किया कि बिना पशु टैगिंग के किसी भी योजना के तहत अनुदान नही दिया जाएगा यदि ऐसा किया गया तो राशि संबंधित व्यक्तिगत चिकित्सक के वेतन से वसूली जाएगी। प्रत्येक प्रकरण में सैंक्शन एवं डिस्बर्समेंट की पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित चिकित्सक की होगी साथ ही लापरवाही बरतने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक