home page

टाटा स्टील ने किया फुल स्केल इमरजेंसी एक्सरसाइज का आयोजन

 | 
टाटा स्टील ने किया फुल स्केल इमरजेंसी एक्सरसाइज का आयोजन


पूर्वी सिंहभूम, 09 जून (हि.स.)। टाटा स्टील एविएशन सर्विसेज ने मंगलवार को जमशेदपुर के सोनारी स्थित एयरपोर्ट पर फुल स्केल इमरजेंसी एक्सरसाइज (एफएसईई) का सफल आयोजन किया। यह अभ्यास नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की ओर से निर्धारित सिविल एविएशन रिक्वायरमेंट्स (सीएआर) के अनुरूप संपन्न कराया गया।

जमशेदपुर एयरपोर्ट एक लाइसेंस प्राप्त सार्वजनिक उपयोग श्रेणी का एयरोड्रोम है, जिसका संचालन टाटा स्टील एविएशन की ओर से किया जाता है। नियामक प्रावधानों के तहत एयरपोर्ट पर समय-समय पर फुल स्केल इमरजेंसी एक्सरसाइज आयोजित की जाती है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का आकलन किया जा सके और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।

इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य एयरपोर्ट की आपातकालीन प्रतिक्रिया योजनाओं की प्रभावशीलता का परीक्षण करना, विभिन्न हितधारकों के बीच समन्वय की जांच करना था। इसके साथ ही वास्तविक परिस्थितियों में बेहतर प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सुधार के संभावित क्षेत्रों की पहचान भी की गई।

मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन के प्रतिनिधियों, पुलिस विभाग, एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मियों, टाटा स्टील फायर एंड सिक्योरिटी सर्विसेज, नगर अग्निशमन विभाग, सरकारी स्वास्थ्य एजेंसियों, टाटा मेन हॉस्पिटल की चिकित्सा टीमों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभ्यास के दौरान मीडिया प्रबंधन की जिम्मेदारी टाटा स्टील के कॉरपोरेट कम्युनिकेशन विभाग ने संभाली।

पूरे मॉक ड्रिल की योजना, संचालन और निगरानी टाटा स्टील के सीनियर एग्जीक्यूटिव एविएशन ऑपरेशंस केके पांडेय के नेतृत्व में की गई। अभ्यास के दौरान प्राप्त अनुभवों और अवलोकनों के आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे समीक्षा और अनुपालन के लिए डीजीसीए को सौंपा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक