home page

बुल्गारिया ने यूक्रेन को हथियार भेजने पर लगाई रोक, वार्ता के जरिए समाधान की वकालत

 | 

सोफिया, 09 जून (हि.स.)। बुल्गारिया की नई सरकार ने यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति रोकने का फैसला किया है। देश के नए रक्षा मंत्री दिमितार स्टोयानोव ने कहा कि बुल्गारिया अब यूक्रेनी सेना को अतिरिक्त हथियार उपलब्ध नहीं कराएगा और रूस तथा यूक्रेन से युद्ध समाप्त करने के लिए बातचीत का रास्ता अपनाने का आग्रह किया।

रक्षा मंत्रालय की प्राथमिकताओं को प्रस्तुत करते हुए स्टोयानोव ने कहा कि यूक्रेन संघर्ष का समाधान युद्धक्षेत्र में नहीं, बल्कि वार्ता की मेज पर खोजा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को एक न्यायसंगत और स्थायी शांति के लिए बातचीत करनी चाहिए।

बुल्गारिया, जो नाटो और यूरोपियन यूनियन का सदस्य है, ने 2024 और 2025 के दौरान यूक्रेन को टैंक रोधी मिसाइलें, बख्तरबंद वाहन, मोर्टार, विमान भेदी तोपें, हॉवित्जर और अन्य सैन्य उपकरण उपलब्ध कराए थे। इससे पहले 2022 और 2023 में बुल्गारिया ने प्रत्यक्ष रूप से हथियार निर्यात नहीं किया था, बल्कि यूरोपीय मध्यस्थों के माध्यम से रक्षा सामग्री की आपूर्ति की जाती रही थी।

हालांकि नई सरकार के इस निर्णय के बावजूद दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। मार्च में यूक्रेन और बुल्गारिया ने 10 वर्षीय द्विपक्षीय सुरक्षा सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इस समझौते में संयुक्त रक्षा उत्पादन, खुफिया जानकारी साझा करने और ऊर्जा सहयोग जैसे प्रावधान शामिल हैं।

पिछले महीने शपथ लेने वाली बुल्गारियाई सरकार का नेतृत्व पूर्व राष्ट्रपति रूमेन राडेव कर रहे हैं। रादेव को अतीत में रूस के प्रति अपेक्षाकृत नरम रुख रखने वाला नेता माना जाता रहा है, हालांकि उन्होंने सत्ता संभालने के बाद यूरोपीय संघ समर्थक नीतियों का पालन करने की प्रतिबद्धता जताई है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय