पेपर लीक पर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, डिप्टी सीएम भी पहुंचे
ऊना, 09 जून (हि.स.)। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर जिला युवा कांग्रेस ने मंगलवार देर शाम जिला मुख्यालय ऊना में मशाल यात्रा निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग उठाई। विरोध प्रदर्शन में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी पहुंचे। कार्यक्रम में प्रदेश युवा कांग्रेस प्रभारी शेष नारायण ओझा विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी हाथों में मशालें लेकर एमसी पार्क ऊना से आईएसबीटी तक मार्च करते हुए पहुंचे।
प्रभारी शेष नारायण ओझा ने आरोप लगाया कि देश की महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता लगातार सवालों के घेरे में आ रही है। उन्होंने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का विश्वास कमजोर किया है। उन्होंने ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि परीक्षाओं की गोपनीयता सुरक्षित नहीं रह पाती तो इसका सीधा असर विद्यार्थियों के मनोबल और देश की शिक्षा व्यवस्था पर पड़ता है। उन्होंने मांग की कि मामले की जवाबदेही तय करते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही शिक्षा मंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देशभर के लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों तक कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत और भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

