home page

मंडी में प्रथम चरण के पंचायत चुनाव के लिए पोलिंग टीमें मतदान केंद्रों के लिए रवाना

 | 
मंडी में प्रथम चरण के पंचायत चुनाव के लिए पोलिंग टीमें मतदान केंद्रों के लिए रवाना


मंडी, 24 मई (हि.स.)। पंचायती राज संस्थाओं के लिए प्रथम चरण की चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से आज रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम करसोग गौरव महाजन की निगरानी में पोलिंग टीमों को उनके मतदान केंद्रों के लिए चुनाव सामग्री प्रदान कर रवाना कर दिया गया। प्रथम चरण में करसोग ब्लॉक की 12 ग्राम पंचायतों में 26 मई को चुनाव होने है। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए 68 पोलिंग टीमें मतदान केंद्रों के लिए भेजी गई है। जबकि 10 टीमों को रिजर्व में रखा गया है। इसके अतिरिक्त, पुलिस सुरक्षा बल के 74 जवान भी मतदान केंद्रों में तैनात किए गए है। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम करसोग गौरव महाजन ने इस मौके पर पोलिंग टीमों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना करने से पूर्व चुनाव संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी पोलिंग टीमें आपसी तालमेल से कार्य करे और कोई भी समस्या आती है तो अपने सेक्टर ऑफिसर से संपर्क कर, उसका समाधान करे। उन्होंने कहा कि राज्य चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें और बिना पुलिस सुरक्षा के किसी भी प्रकार की मूवमेंट ना करे। मतदान संबंधी सभी प्रकार की सामग्री की सुरक्षा सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों के बाहर 100 मीटर की दूरी का पालन सुनिश्चित करें और निर्धारित दायरे में किसी भी प्रकार की भीड़ नहीं होनी चाहिए और ना ही कोई प्रचार प्रसार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इसका पूरा दायित्व पुलिस सुरक्षा बल का होगा।

पोलिंग टीमों के साथ चुनाव ड्यूटी के लिए तैनात पुलिस सुरक्षा बल के जवानों को रवाना होने से पूर्व डीएसपी करसोग चांद किशोर ने भी उनकी ड्यूटी संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव संबंधी सामग्री की पूरी सुरक्षा का जिम्मा सुरक्षा बल का है। इसमें किसी प्रकार की कोई चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जवानों को निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि मतदान के समय मतदान केंद्रों में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मतदाताओं की मतदान केंद्रों में प्रवेश और बाहर आगमन सुचारू रूप से हो और मतदान केंद्रों में किसी प्रकार की कोई भीड़ नहीं होनी चाहिए। इस अवसर पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं बीडीओ करसोग सुरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा