home page

धर्मशाला में क्रिकेट मैच के दृष्टिगत समय पर पहुंचे टेट अभ्यर्थी : डॉ राजेश शर्मा

 | 
धर्मशाला में क्रिकेट मैच के दृष्टिगत समय पर पहुंचे टेट अभ्यर्थी : डॉ राजेश शर्मा


धर्मशाला, 09 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि 13 जून को धर्मशाला में भारत एवं अफगानिस्तान के मध्य होने वाले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के दिन टेट परीक्षाओं के चलते अभ्यर्थियों को समय से पूर्व परीक्षा केंद्रों पर पंहुचना होगा। उन्होंने कहा कि इस दिन धर्मशाला एवं आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है, ऐसे में अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में पंहुचने में अधिक समय लग सकता है।

उन्होंने बताया कि टीजीटी (आर्ट्स) टेट परीक्षा 13 जून को प्रातः 10 बजे से 12:30 बजे तक तथा टीजीटी (मेडिकल) परीक्षा उसी दिन दोपहर 2 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से धर्मशाला मार्ग से जुड़े परीक्षा केंद्रों, जिनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बालिका), धर्मशाला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मटौर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, शाहपुर तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, दाड़ी शामिल हैं, में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए अपनी यात्रा की अग्रिम योजना बनाएं तथा यथासंभव एक दिन पूर्व धर्मशाला क्षेत्र में पहुंचना सुनिश्चित करें।

डॉ. शर्मा ने कहा कि अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पर्याप्त पूर्व पहुंचें तथा अपने प्रवेश पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं। उन्होंने कहा कि यह सलाह केवल अभ्यर्थियों की सुविधा एवं परीक्षा में समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जारी की गई है। बोर्ड अध्यक्ष ने सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनसे परीक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया