home page

खिलाड़ियों की सम्मान राशि में की ऐतिहासिक वृद्धि : यादविन्द्र गोमा

 | 
खिलाड़ियों की सम्मान राशि में की ऐतिहासिक वृद्धि : यादविन्द्र गोमा


धर्मशाला, 05 नवंबर (हि.स.)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रैत में आयोजित राष्ट्रीय फैडरेशन कप क्लासिक एवं इक्विप्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप–2025 का बुधवार को समापन हुआ। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल, कानून एवं विधि मंत्री यादविन्द्र गोमा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

आयुष एवं खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के सम्मान और प्रोत्साहन के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने खिलाड़ियों की सम्मान राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है।

उन्होंने बताया कि ओलंपिक एवं पैरा ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेताओं की राशि 3 करोड़ से बढ़ाकर 5 करोड़, रजत पदक विजेताओं की 2 करोड़ से बढ़ाकर 3 करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं की 1 करोड़ से बढ़ाकर 2 करोड़ कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि एशियाई खेलों के पदक विजेताओं की राशि और खिलाड़ियों की डाइट मनी दोनों में वृद्धि की गई है। साथ ही, प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को राज्य से बाहर प्रतियोगिताओं के लिए निःशुल्क हवाई यात्रा की सुविधा भी प्रदान कर रही है, जिसका पूरा खर्च सरकार वहन करती है।

खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश में शीघ्र ही चार इनडोर स्टेडियम बनाए जाएंगे ताकि युवाओं को खेलों के अधिक अवसर मिल सकें। उन्होंने बताया कि कि रैत में 10 बिस्तरों वाला आयुर्वेदिक अस्पताल शीघ्र खोला जाएगा और चंबी खेल मैदान के लिए समुचित धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी।

आयुष मंत्री ने फेडरेशन को एक लाख तथा सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु 11 हजार देने की घोषणा की।

शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कार्यक्रम में पधारने के लिए मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि शाहपुर में अब तक सात राष्ट्रीय स्तर के आयोजन सफलतापूर्वक कराए जा चुके हैं और इसके लिए सभी विभागों का धन्यवाद किया।

हिमाचल प्रदेश विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा, बतौर विशिष्ट अतिथि ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार संस्कारयुक्त शिक्षा को शिक्षा बोर्ड के पाठ्यक्रम में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

डॉ. वसु सिंह ढटवालिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

चार दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के लगभग 200 प्रतिभागियों ने भाग लिया। ओवरऑल प्रदर्शन में महाराष्ट्र प्रथम, तेलंगाना द्वितीय, तथा उत्तर प्रदेश तृतीय स्थान पर रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया