नशे के खिलाफ अभियान में देहरा पुलिस ने उखाड़े भांग के पौधे
धर्मशाला, 09 जून (हि.स.)। नशा मुक्त हिमाचल अभियान के अंतर्गत पुलिस जिला देहरा द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्यवाही जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस थाना मझीण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों तथा आम जनता के सहयोग से एक विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान वन क्षेत्रों, पहाड़ी इलाकों, शैक्षणिक संस्थानों तथा चिकित्सालयों के आसपास स्थित स्थानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान लगभग 2 से 3 कनाल भूमि पर प्राकृतिक रूप से उगे हुए भांग के लगभग 400 से 500 पौधे पाए गए, जिन्हें नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि पुलिस जिला देहरा के तहत विभिन्न पुलिस थानों और चौकियों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए जा रहे हैं। नशे के कारोबार में शामिल नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

