home page

बैरटी में भारत-जापान ज्ञान केन्द्र एवं मॉडल कृषि फार्म का शुभारम्भ

 | 
बैरटी में भारत-जापान ज्ञान केन्द्र एवं मॉडल कृषि फार्म का शुभारम्भ


सोलन, 09 जून (हि.स.)। जायका-इंडिया के प्रमुख ताकेउची ताकुरो ने मंगलवार को सोलन के बैरटी स्थित सब्जी विकास केंद्र में भारत-जापान ज्ञान केंद्र एवं मॉडल कृषि फार्म का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर किसान क्लस्टर मेला भी आयोजित किया गया। इस मेले में बड़ी संख्या में किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) तथा स्वयं सहायता समूहों ने भाग लिया।

परियोजना के अंतर्गत निर्मित तीन सिंचाई उप-परियोजनाओं की अवसंरचनाओं को भी संबंधित कृषक विकास संघों को औपचारिक रूप से हस्तांतरित किया गया।जायका-इंडिया का यह मिशन हिमाचल प्रदेश फल विविधिकरण परियोजना के अंतर्गत सोलन, पालमपुर एवं धर्मशाला में संचालित नवाचारी गतिविधियों के अवलोकन के लिए तीन दिवसीय दौरे पर है। ताकेउची ताकुरो ने इस अवसर पर कृषि क्षेत्र में भारत-जापान सहयोग को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल दिया। उन्होंने किसानों की आय वृद्धि, आधुनिक तकनीकों के प्रसार तथा जलवायु-अनुकूल कृषि प्रणालियों को बढ़ावा देने में परियोजना की भूमिका की सराहना की।

परियोजना निदेशक डॉ. सुनील चौहान ने कहा कि जायका के सहयोग से संचालित हिमाचल प्रदेश फसल विविधिकरण प्रोत्साहन परियोजना-2 के अंतर्गत एक अभिनव कार्यक्रम की परिकल्पना की गई है। इसके माध्यम से हिमाचल प्रदेश के युवा किसानों को जापान में रोज़गारोन्मुख प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चयनित किसानों को जापान भेजने से पूर्व जापानी भाषा, संस्कृति, कार्य पद्धतियों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। आरम्भ में 150 युवाओं को चरणबद्ध रूप से प्रशिक्षित करने का प्रस्ताव है।

बैरटी स्थित फार्म में हिमाचल स्मार्ट फार्मिंग परियोजना के अंतर्गत स्थापित हाई-टेक पॉलीहाउस खेती प्रणाली का भी लोकार्पण किया गया। यह हाई-टेक पॉलीहाउस प्रदेश में संरक्षित खेती एवं आधुनिक बागवानी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण है। जापानी तकनीक और भारतीय नवाचार के समन्वय से विकसित यह पॉलीहाउस प्रदेश की भौगोलिक एवं जलवायुगत परिस्थितियों के अनुरूप किसानों को उच्च गुणवत्ता फसल उत्पादन के लिए विश्व स्तरीय तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध करवाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा