(अपडेट) शिमला में एचआरटीसी बस चालक के साथ मारपीट, फरार दंपति समेत चार गिरफ्तार
- घटना के विरोध में एचआरटीसी कर्मचारियों का चक्का जाम
शिमला, 24 मई (हि.स.)। दिल्ली से शिमला आ रही एचआरटीसी की वोल्वो बस के चालक के साथ रविवार सुबह हुई मारपीट की घटना ने पूरे शिमला शहर में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। शहर के प्रवेश द्वार कच्चीघाटी में ओवरटेकिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद सड़क पर हिंसा तक पहुंच गया।
आरोप है कि स्कॉर्पियो में सवार चार लोगों ने वोल्वो बस को बीच सड़क में रुकवाया, चालक को बस से खींचकर नीचे उतारा और उसके साथ मारपीट की। चालक के कपड़े तक फाड़ दिए गए। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसके बाद एचआरटीसी कर्मचारियों में भारी नाराजगी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, एचआर नंबर की स्कॉर्पियो में सवार चारों आरोपी पंचकूला (हरियाणा) के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज कुमार पुत्र शिव कुमार, विकास कुमार पुत्र विलक्षण राम, प्रतिभा पत्नी विक्की कुमार और विक्की कुमार पुत्र शिव कुमार के रूप में हुई है।
घटना के तुरंत बाद बालूगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंकज कुमार व विकास कुमार को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था। जबकि विक्की कुमार और उसकी पत्नी प्रतिभा स्कॉर्पियो लेकर ठियोग की तरफ फरार हो गए थे। बाद में ठियोग पुलिस ने दोनों को डिटेन कर बालूगंज पुलिस के हवाले कर दिया, जहां उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया।
इस घटना के विरोध में एचआरटीसी के चालक और परिचालक भड़क गए। कर्मचारियों ने शहर में चक्का जाम कर दिया, जिससे कई रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित रहीं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एचआरटीसी चालक यूनियन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि सार्वजनिक परिवहन से जुड़े कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
जब तक फरार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तब तक चालक और परिचालक आंदोलन पर डटे रहे। ठियोग में दोनों आरोपियों के पकड़े जाने और गिरफ्तारी की पुष्टि के बाद कर्मचारियों ने चक्का जाम समाप्त किया।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि मामले में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि घटना को लेकर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सेवा से जुड़े कर्मचारियों के साथ हिंसक व्यवहार और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

