भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला बद्दी में प्रारंभ, भाजपा नेताओं ने कांग्रेस को घेरा
शिमला, 05 नवंबर (हि.स.)। भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय कार्यशाला सोमवार को बद्दी में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में प्रारंभ हुई। इस कार्यशाला में भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने भाग लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
डॉ. बिंदल ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूत बनाना और समाज के सभी वर्गों—युवा, महिला, किसान, अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक एवं ओबीसी मोर्चों—को सक्रिय करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी आने वाले 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए इस कार्यशाला के माध्यम से “टेक ऑफ” की तैयारी कर रही है।
डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस तीन वर्ष पहले “झूठ, फरेब और धोखे का आवरण ओढ़कर” सत्ता में आई थी और आज जनता को ठगने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि 15 लाख बेरोजगार युवाओं से रोजगार का वादा किया गया था, लेकिन एक भी व्यक्ति को नौकरी नहीं मिली। डेढ़ लाख पद समाप्त किए गए, 2000 से अधिक संस्थान बंद कर दिए गए, और 28 लाख बहनें अब भी 1500 रुपये मासिक सहायता की प्रतीक्षा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन में भाई-भतीजावाद चरम पर है और हजारों परिवार अब भी बेघर हैं। बिंदल ने इसे “प्रदेश के इतिहास की सबसे निकम्मी सरकार” करार देते हुए कहा कि भाजपा इसे उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है।
कांग्रेस केवल एक परिवार का महिमामंडन करती है : श्रीकांत शर्मा
भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र “राष्ट्र प्रथम” है और पार्टी किसी भी राष्ट्रविरोधी ताकत को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा आतंकवाद और नक्सलवाद के प्रति शून्य-सहिष्णुता की नीति पर कार्य करती है। हिमाचल में कांग्रेस सरकार तानाशाही ढंग से काम कर रही है जो भी सरकार की आलोचना करता है, उस पर एफआईआर दर्ज कर दी जाती है।
शर्मा ने कांग्रेस के इतिहास पर निशाना साधते हुए कहा कि 1975 का आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की विरासत को दबाने की कोशिश की और पूरी पार्टी गांधी परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है।
हिमाचल में झूठ बोलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन चल रही है: जयराम ठाकुर
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में झूठ बोलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन चल रही है जो हर जगह कांग्रेस के झूठे वादे फैला रही है। उन्होंने कांग्रेस की गारंटियों को झूठ का पुलिंदा बताया और कहा कि सरकार वित्तीय संकट में फंसी है, कर्मचारियों को वेतन और ठेकेदारों को भुगतान नहीं हो रहा।
जयराम ने कहा कि आगामी विधानसभा सत्र में भाजपा कांग्रेस को जनता से किए गए झूठे वादों पर घेरने का काम करेगी। उन्होंने कांग्रेस सरकार को धोखेबाज और झूठी सरकार करार दिया, जिसने जनता के विश्वास को तोड़ा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

