home page

पंचायत चुनाव : शिमला में पहले ही दिन 1620 नामांकन, गांवों में बढ़ी चुनावी सरगर्मी

 | 
पंचायत चुनाव : शिमला में पहले ही दिन 1620 नामांकन, गांवों में बढ़ी चुनावी सरगर्मी


शिमला, 07 मई (हि.स.)। शिमला जिला में पंचायतीराज चुनावों का रंग पहले ही दिन गहराने लगा है। गांवों की सरकार चुनने की प्रक्रिया शुरू होते ही जिला भर में चुनावी हलचल तेज हो गई। नामांकन के पहले दिन ही विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि पदों के लिए कुल 1620 नामांकन पत्र दाखिल हुए। बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से कई पंचायतों में मुकाबला रोचक होने के संकेत मिलने लगे हैं।

नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही जिला के विभिन्न विकास खंड कार्यालयों में सुबह से ही उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की आवाजाही बनी रही। कई जगह उम्मीदवार समर्थकों के साथ पहुंचे।

जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार जिला परिषद सदस्य पद की 25 सीटों के लिए पहले दिन 33 नामांकन दाखिल किए गए। वहीं पंचायत समिति सदस्य की 211 सीटों के लिए 129 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे।

ग्राम पंचायत प्रधान पद के लिए सबसे ज्यादा उत्साह देखने को मिला। जिले की 441 पंचायतों में प्रधान पद के लिए पहले ही दिन 387 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतर गए। वहीं, उप-प्रधान पद की 441 सीटों के लिए 287 नामांकन दाखिल हुए हैं।

सबसे ज्यादा हलचल ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य पदों पर देखने को मिली। जिले में वार्ड सदस्य की 2405 सीटों के लिए पहले दिन 784 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। कई पंचायतों में एक ही पद के लिए कई दावेदार सामने आने लगे हैं, जिससे मुकाबला दिलचस्प होता दिखाई दे रहा है।

प्रशासन ने नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए सभी विकास खंडों में विशेष इंतजाम किए हैं। पहले दिन प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही। अब 8 और 11 मई को भी नामांकन भरे जाएंगे, ऐसे में उम्मीदवारों की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

बता दें कि पंचायत चुनावों के लिए नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 12 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 14 और 15 मई को उम्मीदवार दोपहर 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।

प्रदेश में पंचायत चुनाव तीन चरणों में कराए जाएंगे। इसके लिए 26, 28 और 30 मई को मतदान होगा। पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के नतीजे मतदान वाले दिन शाम को ही घोषित कर दिए जाएंगे। वहीं पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के मतों की गिनती 31 मई को विकास खंड मुख्यालयों में होगी और उसी दिन परिणाम भी घोषित किए जाएंगे।

प्रदेश की 3 हजार 754 पंचायतों में कुल 31 हजार 182 पदों के लिए चुनाव होना है। इन चुनावों में 50 लाख 79 हजार 48 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 25 लाख 67 हजार 770 पुरुष और 25 लाख 11 हजार 249 महिला मतदाता शामिल हैं। खास बात यह है कि 52 हजार 349 युवा मतदाता पहली बार पंचायत चुनाव में मतदान करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा