home page

शिमला में पर्यटकों की भारी भीड़, पुलिस ने यातायात प्रबंधन के लिए किए व्यापक इंतजाम

 | 
शिमला में पर्यटकों की भारी भीड़, पुलिस ने यातायात प्रबंधन के लिए किए व्यापक इंतजाम


शिमला, 24 मई (हि.स.)। गर्मियों के पर्यटन सीजन में शिमला पहुंच रहे भारी संख्या में पर्यटकों के कारण शहर में वाहनों का दबाव बढ़ गया है। पिछले तीन दिनों में सोलन-शिमला के बीच 70 हजार से अधिक वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई है।

पर्यटकों की इस भारी आमद को देखते हुए जिला शिमला पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के लिए पूरे शिमला शहर को पांच सेक्टरों में बांटा गया है। इन सेक्टरों की निगरानी पांच एनजीओ-1 रैंक के अधिकारियों को सौंपी गई है, जिससे अलग-अलग इलाकों में ट्रैफिक की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके और जरूरत पड़ने पर तुरंत फैसले लिए जा सकें।

शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

इसके साथ ही ट्रैफिक राइडर्स की संख्या बढ़ाई गई है, ताकि जाम या किसी अन्य स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया जा सके। पुलिस ने ट्रैफिक वॉलंटियर्स को भी इस अभियान से जोड़ा है और आगे और स्वयंसेवकों को शामिल करने की प्रक्रिया जारी है।

शिमला पुलिस ने शहर में ट्रैफिक की निगरानी के लिए इंटरसेप्टर वाहन भी तैनात किया है। यह वाहन शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगातार घूमकर यातायात व्यवस्था पर नजर रख रहा है और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई में मदद कर रहा है।

ऊपरी शिमला की ओर जाने वाले पर्यटक वाहनों को शोघी से मेहली बाईपास मार्ग की तरफ डायवर्ट किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इससे शहर के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिल रही है और जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा रहा है।

जिला पुलिस सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों और पर्यटकों को लगातार ट्रैफिक अपडेट दे रही है। वैकल्पिक मार्गों, ट्रैफिक की स्थिति और जरूरी सलाह संबंधी जानकारी समय-समय पर साझा की जा रही है ताकि लोग अपनी यात्रा बेहतर तरीके से प्लान कर सकें।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि पर्यटन सीजन और पंचायत चुनावों के दौरान अतिरिक्त दबाव के बावजूद पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक योजना लागू की है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त पुलिस बल, लगातार निगरानी और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की वजह से भारी वाहनों की आवाजाही के बावजूद स्थिति नियंत्रित बनी हुई है। उन्होंने लोगों और पर्यटकों से भी यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा