गुरुग्राम: गलत दिशा में चल रही तेज रफ्तार इनोवा की टक्कर से बाइक सवार की मौत
गुरुग्राम, 09 जून (हि.स.)। यहां सेक्टर-63ए के पास रॉन्ग साइड से आई तेज रफ्तार इनोवा कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मृतक के भतीजे की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव कादरपुर निवासी मुकुल ने बताया कि उसका ताऊ विजय कुमार आठ जून को करीब 11:30 बजे बाइक पर कादरपुर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सेक्टर-63ए के पास रॉन्ग साइड से आ रही काली रंग की इनोवा कार के चालक ने बाइक को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाकर टक्कर मार दी। टक्कर लगने से विजय कुमार बाइक सहित सड़क पर गिर गए।
आरोप है कि कार चालक ने गाड़ी उनके ऊपर से उतार दी। मौके पर पहुंचे मुकुल और अन्य लोगों ने घायल को कार चालक की मदद से मेरिंगो एशिया अस्पताल सेक्टर-56 में भर्ती कराया। इलाज के दौरान सिर में गंभीर चोटों के कारण विजय कुमार की मौत हो गई। मुकुल की शिकायत पर थाना सेक्टर-65 पुलिस ने मामला दर्ज किया। सहायक उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार को जांच सौंपी गई है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

