सिरसा: प्रेम प्रसंग में युवक की चाकुओं से गोद कर हत्या
सिरसा, 09 जून (हि.स.)। जिले में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मृतक युवक की पहचान सिरसा निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर कुछ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक युवक के परिजनों ने बताया कि संदीप को कुछ युवकों ने सोमवार रात को फोन कर घर से बुलाया। संदीप सिरसा के दुर्गा मंदिर के पास पहुंचा जहां कुछ युवक पहले से मौजूद थे। पहले उनमें लड़ाई-झगड़ा हुआ और फिर चाकुओं से संदीप पर कई वार किए गए। आरोपी संदीप को घायलावस्था में छोडक़र फरार हो गए। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल संदीप को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि संदीप एक युवती से फोन पर बात करता था। परिजनों का आरोप है कि युवती के परिवार के लोगों ने संदीप की हत्या की है। आरोप है कि घटना के वक्त युवती का भाई भी मौके पर था। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कुछ नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवाया गया है, लेकिन पीडि़त परिवार की मांग है कि पहले आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए। इसके बाद ही पोस्टमार्टम होगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

