home page

यमुनानगर:बिजली संकट पर फूटा ग्रामीणों का आक्रोश, आधी रात को पावर हाउस का घेराव

 | 
यमुनानगर:बिजली संकट पर फूटा ग्रामीणों का आक्रोश, आधी रात को पावर हाउस का घेराव


यमुनानगर, 24 मई (हि.स.) भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार देर रात यमुनानगर के व्यासपुर स्थित बिजली पावर हाउस के बाहर प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पावर हाउस का घेराव कर बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी की और आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग उठाई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।

ग्रामीणों के अनुसार कपरी, मारवा तथा आसपास के गांवों में पिछले कई दिनों से अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। देर रात विभिन्न गांवों के लोग व्यासपुर पावर हाउस पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। इसी प्रकार मिर्जापुर क्षेत्र में भी ग्रामीणों ने बिजली कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि पहले सीमित समय के लिए कट लगाए जाते थे, लेकिन पिछले एक सप्ताह से स्थिति अधिक खराब हो गई है। दिनभर काम के बाद रात में भी बार-बार बिजली बाधित होने से लोगों की नींद और दिनचर्या प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने कहा कि तेज गर्मी में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ रही है। कई परिवारों के पास वैकल्पिक बिजली व्यवस्था नहीं है, जिसके चलते लोगों को पूरी रात जागकर बितानी पड़ रही है। धरने की सूचना मिलने पर बिजली निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। अधिकारियों ने उच्च स्तर पर समस्या उठाने तथा अनावश्यक बिजली कटौती नहीं होने देने का आश्वासन दिया। निगम के एक्सईएन द्वारा आपूर्ति व्यवस्था में सुधार का भरोसा दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द हालात नहीं सुधरे तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार