रोहतक में नहर पक्की करने के विरोध में ग्रामीणों का धरना नौवें दिन भी जारी, पूर्व मुख्यमंत्री ने दिया समर्थन
रोहतक, 24 मई (हि.स.)। जिले के गांव रिठाल में भालौठ सब ब्रांच पर नहर की आरसीसी करने विरोध में कई गांव के ग्रामीणों का धरना लगातार नौ दिन से जारी है। रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ग्रामीणों के धरना स्थल पर पहुंचे और उनकी जायज मांग का समर्थन करते हुए तुंरत अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। ग्रामीणों ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र हुड्डा को बताया कि सरकार द्वारा नहर की तली पक्की कर सिंचाई और पीने के पानी की सुविधा छिनने का प्रयास किया जा रहा है, जिसके चलते कई गांव के किसान पिछले नौ दिन से लगातार धरने पर बैठे है, लेकिन सरकार तानाशाही रवैया अपनाएं हुए है।
ग्रामीणों ने बताया कि पीने के पानी पर सबका बराबर हक है लेकिन अगर ये तली आरसीसी से पक्की हो जाती है तो आने वाले समय में पीने का पानी उपलब्ध नहीं होगा। नहर अभी भी ब्लॉक से पक्की है पर आरसीसी से पक्की होने के बाद नीचे का भूमिगत पानी मिलने की संभावना खत्म हो जाएगी। नेता प्रतिपक्ष भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने ग्रामीणों की सभी जायज मुद्दों का समर्थन किया और इस सम्बन्ध में सरकार के समक्ष इन मुद्दों को उठाने और हर प्रकार की मदद का आश्वासन दिया।
बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व सीएम हुड्डा ने सरकार पर निशाना साधा और कहा कि पूरे हरियाणा में आज बिजली और पानी की किल्लत को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। उन्होंने कहा कि ना किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिल पा रहा है और ना ही लोगों को पीने के लिए। इस भयंकर स्थिति के लिए बीजेपी सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि नहरी पानी की उचित सप्लाई के साथ गांव वालों ने शिकायत की है कि 2022 में जेएलएन नहर की तलहटी पक्की होने की वजह से वाटर रिचार्ज बिल्कुल बंद हो गया है। इसके चलते आसपास के ट्यूबवेल और नलकों का पानी पूरी तरह खारा हो चुका है। ऊपर से सितम यह कि अब सरकार बीएसईबी नहर की तली को भी पक्का कर रही है। इसके चलते इलाके में पीने के पानी की समस्या और बुरी तरह गहरा जाएगी। हुड्डा ने कहां की गांव वालों की मांगे पूरी तरह जायज हैं और सरकार को भी हठधर्मिता छोडक़र ग्रामीणों की सभी मांगों को तुंरत पूरा करना चाहिए। इस अवसर पर संत कुमार, बलवान सिंह रंगा, प्रीत सिंह, रणधीर ऋषि, प्रेम प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

