home page

हिसार में नर्सिंग स्टाफ ने की पेन डाउन हड़ताल, बाधित हुई स्वास्थ्य सेवाएं

 | 
हिसार में नर्सिंग स्टाफ ने की पेन डाउन हड़ताल, बाधित हुई स्वास्थ्य सेवाएं


रेणु भाटिया ने माफी नहीं मांगी तो तेज होगा आंदोलन

हिसार, 09 जून (हि.स.)। हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया द्वारा

नर्सिंग स्टाफ के प्रति की गई टिप्पणी से प्रदेशभर के नर्सिंग स्टाफ में गुस्सा है।

इसी के चलते मंगलवार को जिले के नागरिक अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ ने पेन डाउन हड़ताल

करते हुए रेणु भाटिया से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने की मांग उठाई। हड़ताल के दौरान

स्वास्थ्य सेवाएं कुछ देर के लिए बाधित रही।

हड़ताल पर बैठी नर्सों ने कहा कि महिला आयोग की चेयरपर्सन की नर्सिंग अधिकारियों

और स्टाफ को लेकर की गई टिप्पणी आपत्तिजनक और अपमानजनक है। उन्होंने तर्क दिया कि अस्पताल

में एक सीनियर नर्सिंग अधिकारी के पास कई जिम्मेदारियां होती हैं और हर स्थान पर हर

समय मौजूद रहना संभव नहीं होता। ऐसे में नर्सिंग कैडर को कटघरे में खड़ा करना अनुचित

है।

नर्सिंग एसोसिएशन हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष वनिता बांगड़ ने कहा कि रेप की

घटना दुखद है और पूरा नर्सिंग समुदाय पीड़ित बच्ची के साथ खड़ा है। उन्होंने जोर दिया

कि नर्सिंग स्टाफ 24 घंटे मरीजों की सेवा करता है और उनका दर्द सबसे अधिक महसूस करता

है। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच के दौरान अस्पताल पहुंचीं रेणु भाटिया का बयान न केवल

अनुचित था, बल्कि इससे पूरे नर्सिंग समुदाय की गरिमा को ठेस पहुंची है।

वनिता बांगड़ ने यह भी आरोप लगाया कि मीडिया में सुर्खियां बटोरने के लिए इस

प्रकार की बयानबाजी की गई। उन्होंने कहा कि नर्सिंग स्टाफ पर लगाए गए आरोप पूरी तरह

निराधार हैं और ऐसी टिप्पणी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मांग

की कि रेणु भाटिया तुरंत माफी मांगें और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें। इसके

साथ ही उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की भी मांग उठाई गई।

नर्सिंग कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि महिला आयोग अध्यक्ष ने माफी नहीं

मांगी और सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने

बताया कि आगामी दिनों में दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल जारी रहेगी। यदि उनकी मांगें

पूरी नहीं होती हैं, तो इमरजेंसी सेवाओं का बहिष्कार करने जैसे कड़े कदम भी उठाए जा

सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर