home page

नारनौल में पेयजल संकट पर लोगों का फूटा गुस्सा, लगाया जाम

 | 
नारनौल में पेयजल संकट पर लोगों का फूटा गुस्सा, लगाया जाम


पानी की किल्लत से परेशान लोगों ने सड़क पर किया प्रदर्शन

नारनाैल, 27 मई (हि.स.)। नारनौल शहर में गहराते पेयजल संकट को लेकर बुधवार को लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। निजामपुर रोड पर हैफेड के पास क्षेत्रवासियों ने पानी की समस्या से परेशान होकर सड़क पर जाम लगा दिया। अचानक लगाए गए जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालक घंटों तक जाम में फंसे रहे।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से नियमित रूप से पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। गर्मी के मौसम में पेयजल संकट लगातार बढ़ता जा रहा हैए जिससे आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि कई इलाकों में दो-दो दिन तक पानी नहीं पहुंच रहा, जबकि कुछ क्षेत्रों में बहुत कम प्रेशर से सप्लाई हो रही है।

निजी टैंकरों से पानी मंगवाने पर अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है। जाम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नियमित पानी सप्लाई बहाल नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के कारण कुछ समय तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और पुलिस को वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से निकालना पड़ा।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि पानी सप्लाई व्यवस्था में आ रही तकनीकी दिक्कतों को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही स्थिति सामान्य कर दी जाएगी। आश्वासन के बाद लोगों ने जाम खोल दिया, जिसके बाद यातायात सुचारु रूप से शुरू हो सका।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला