home page

गुरुग्राम : पार्किंग विवाद में फल व्यापारी की हत्या

 | 

पड़ोसी दुकानदार से कहासुनी के बाद हुआ खूनी हमला

गुरुग्राम, 24 मई (हि.स.)। शिवाजी नगर थाना क्षेत्र स्थित खांडसा मंडी में रविवार सुबह पार्किंग विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक फल व्यापारी की सुआ से गोद-गोद कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद मंडी क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कमानसराय निवासी भारत भूषण बनेचा के रूप में हुई है। वह पिछले कई वर्षों से खांडसा मंडी में फल व्यापार का कार्य कर रहे थे और क्षेत्र में अच्छी पहचान रखते थे। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब भारत भूषण मंडी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी कार पड़ोस में दुकान लगाने वाले व्यापारी की दुकान के पास खड़ी कर दी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ देर बाद दूसरे पक्ष ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपित दुकानदार और उसके साथियों ने भारत भूषण पर दोबारा हमला कर दिया। हमलावरों ने व्यापारी पर सुआ से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के तुरंत बाद आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग घायल व्यापारी को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंडी में हुई इस वारदात के बाद व्यापारियों में रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हमला करने वाले युवक आपराधिक प्रवृत्ति के बताए जा रहे हैं और उनके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं।

शिवाजी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर