home page

गुरुग्राम: दिल्ली अग्निकांड में मारे गए विवेक अग्रवाल के पिता का भी हुआ निधन

 | 

-बीमार पिता थे साकेत के मैक्स अस्पताल में भर्ती

-दिल्ली के मालवीय नगर के होटल में लगी आग में परिवार के पांच सदस्यों की हुई थी मौत

-परिवार के पांच सदस्यों के साथ दो रिश्तेदारों की भी जलने से मौत

गुरुग्राम, 09 जून (हि.स.)। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल फ्लोरिश स्टे में लगी आग में जिंदा जले सीए विवेक अग्रवाल समेत परिवार के पांच सदस्यों की मौत के बाद अब उनके बीमार पिता का भी निधन हो गया है। उनके पिता राधेश्याम अग्रवाल साकेत मैक्स अस्पताल में भर्ती थे। उनका पूरा परिवार खत्म हो गया है।

गुरुग्राम के सेक्टर-46 के रहने वाले सीए विवेक अग्रवाल, पत्नी तर्जनी अग्रवाल, मां प्रेमलता अग्रवाल और दोनों बेटियों जीविशा एवं वारिया की होटल फ्लोरिश स्टे में लगी आग की चपेट में आने से मौत हो गई थी। यह हादसा उस समय हुआ था, जब परिवार के पांच सदस्य और दो रिश्तेदार साकेत के मैक्स अस्पताल में भर्ती विवेक अग्रवाल के पिता का हाल जानने के बाद मालवीय नगर के होटल फ्लोरिश में ब्रेकफास्ट कर रहे थे। इसी दौरान होटल में भीषण आग लग गई थी। आग में फंसे विवेक अग्रवाल को परिवार को बचाने का जब कोई रास्ता नहीं मिला तो उन्होंने अपने मामा के बेटे को रोते हुए फोन करके कहा था कि-हम चारों तरफ से भीषण आग में फंस गए हैं, दम घुट रहा है। हमारी बेटियों को कैसे भी करके बचा लो। इसके चंद सेकेंड में ही पूरा परिवार आग की भेंट चढ़ गया। दिल्ली एम्स में पोस्टमॉर्टम के बाद गुरुग्राम के सेक्टर-46 स्थित आवास पर शवों को लाया गया था और सेक्टर-32 श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। विवेक अग्रवाल कंपनी-इंश्योरेंस देखो में फाइनेंशियल हेड थे। उनकी पत्नी तर्जनी अग्रवाल इवेंट मैनेजर थी। वह वंचित बच्चों के लिए एक एनजीओ भी चलाती थीं और मॉडलिंग भी करती थीं। वर्ष 2023 में तर्जनी ने मिसेज इंडिया का खिताब जीता था। बड़ी बेटी जीविशा बेंगलुरु में बीटेक की पढ़ाई कर रही थी। दादा के बीमार होने की सूचना पर वह फ्लाइट से दिल्ली पहुंची थी। छोटी बेटी वारिया भी साथ थी। अब घर के बुजुर्ग बीमार राधेश्याम की मौत के साथ ही पूरा परिवार खत्म हो गया है। इस घटना से हर कोई दुखी और स्तब्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर