home page

पलवल: कैंसर जागरूकता मैराथन में दौड़ीं बेटियां, खेल मंत्री ने दिखाई झंडी

 | 
पलवल: कैंसर जागरूकता मैराथन में दौड़ीं बेटियां, खेल मंत्री ने दिखाई झंडी


पलवल, 24 मई (हि.स.)। कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से रविवार को पलवल में 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं की मैराथन का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन पलवल और वी सत्या फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मैराथन को हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस आयोजन में जिले के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं सहित बड़ी संख्या में युवतियों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मैराथन सेक्टर-2 स्थित सामुदायिक केंद्र से शुरू होकर क्लॉक सेंटर, कमेटी चौक, मिनार गेट और आगरा चौक से होती हुई नेताजी सुभाषचंद्र बोस इंडोर स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने और नियमित व्यायाम के प्रति जागरूक करना था।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि आज की बेटियां अपनी मेहनत, लगन और क्षमता के दम पर हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां शिक्षा, प्रशासन और विज्ञान के साथ-साथ खेल जगत में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर देश और समाज का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल आत्मविश्वास बढ़ाने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और अनुशासन सिखाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

मैराथन में जेडी पब्लिक स्कूल की छात्रा ने सीबीएसई 12वीं जिले में द्वितीय प्राप्त किया। वही तक्षशिला पब्लिक स्कूल की प्रिया ने द्वितीय और सेंट एन्थॉनी स्कूल की निलाक्षी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान सीबीएसई एवं एचबीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, एसडीएम भूपेंद्र सिंह, डीएसपी मनोज वर्मा सहित कई अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग