home page

गुरुग्राम में डॉ. योगी अनूप नाथ की पुस्तक भक्ति शक्ति यात्रा का हुआ विमोचन

 | 
गुरुग्राम में डॉ. योगी अनूप नाथ की पुस्तक भक्ति शक्ति यात्रा का हुआ विमोचन


-आध्यात्मिक पुनर्जागरण, राष्ट्र जागरण और सांस्कृतिक चेतना का अनूठा संदेश

गुरुग्राम, 7 दिसंबर (हि.स.)। भारत विश्व शांति केंद्र में रविवार को भारतीय सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक परंपरा का एक ऐतिहासिक पर्व मनाया गया। शाश्वत हिंदू संगठन द्वारा आयोजित इस समारोह में प्रख्यात शिक्षाविद्, औघड़ संत एवं लेखक डॉ. योगी अनूप नाथ की पुस्तक भक्ति-शक्ति यात्रा का लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम में विजय कौशल जी महाराज, जैन मुनि लोकेश मुनि एवं प्रख्यात एस्ट्रोलॉजर पवन सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। यह आयोजन केवल एक पुस्तक विमोचन नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय चेतना के नवसंगम का प्रतीक बन गया। पुस्तक भक्ति शक्ति यात्रा उस आध्यात्मिक साधना-पथ का सजीव वर्णन प्रस्तुत करती है, जिसकी शुरुआत मध्यप्रदेश के राजगढ़-ब्यावरा स्थित घूरेल पशुपतिनाथ मंदिर में 300 वर्षों बाद बुझ चुके धुने के पुनर्जीवन से होती है। यह घटना नाथ परंपरा की पुनस्र्थापना ही नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक निरंतरता और परंपरा-शक्ति का ऐतिहासिक प्रतीक मानी जा रही है।

पुस्तक विमोचन समारोह को संबोधित करते हुए प्रसिद्ध कथा वाचक विजय कौशल जी महाराज ने मंदिरों को भारतीय संस्कृति की संस्कारशाला बताते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण तभी संभव है जब समाज अपने मूल्यों और संस्कारों से जुड़ा रहे। उन्होंने युवाओं को सात्विकता, सुचिता और आध्यात्मिकता अपनाने का आह्वान किया।

जैन मुनि लोकेश मुनि ने अपने सम्बोधन में युवाओं को राष्ट्र की रीढ़ बताते हुए कहा कि इस पुस्तक में वर्णित यात्रा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना की नई धारा प्रवाहित करेगी। प्रख्यात एस्ट्रोलॉजर पवन सिन्हा ने राममंदिर आंदोलन के ऐतिहासिक क्षणों का उल्लेख करते हुए कहा कि समर्पित व्यक्तित्व समाज के मार्गदर्शक दीपक बनते है। राम मंदिर आज भारत ही नही बल्कि विश्व को नई चेतना से आलोकित कर रहा है। इस अवसर पर आयोजित शाश्वत हिंदू प्रतिष्ठान की दो दिवसीय बैठक में देशभर से आए पदाधिकारियों में प्रशांत कोतवाल, संजय शर्मा, बी.एल. सोनी, रमेश आर्य, राजेश राय, जगमोहन यादव, वीरेंद्र, मुन्ना पाठक, राजकुमारी, रवि कटारिया, ललित महेश्वरी, संदीप त्यागी और राहुल उपाध्याय ने मंदिर संरक्षण, सांस्कृतिक शिक्षा, समाजिक जागरण और राष्ट्रहित से जुड़े अभियानों पर चर्चा की। राष्ट्रीय महामंत्री संजय शर्मा ने संगठन की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करता है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर