home page

हिसार : मकान पर हमला व फायरिंग करने के मामले में दो दर्जन पर केस दर्ज

 | 
हिसार : मकान पर हमला व फायरिंग करने के मामले में दो दर्जन पर केस दर्ज


आरोपियों ने घर पर पत्थर फेंके, गोलियां चलाई और दी जान से मारने की धमकी

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना, जांच में जुटी पुलिस

हिसार, 5 नवंबर (हि.स.)। शहर थाना के पड़ाव चौक क्षेत्र में घर पर किए गए हमले

व पथराव के मामले में शहर पुलिस ने लगभग दो दर्जन युवकों पर विभिन्न धाराओं के तहत

केस दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी युवकों की पहचान के प्रयास

में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी युवक एक घर पर पथराव करते हुए, गोलियां चलाते

हुए व जान से मारने के लिए घर में घुसते दिखाई दे रहे है। यह पूरी घटना घर के पास लगे

सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बताया जा रहा है कि गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में

हुए एक झगड़े का बदला लेने के लिए इन युवकों ने यह हमला किया।

इस संबंध में पुलिस को दी शिकायत में आकाश कुमार ने बताया कि वह पड़ाव चौक

का रहने वाला है। मंगलवार देर रात वह अपने घर के सामने मौजूद था। इसी दौरान 15-20 युवक

अपने हाथों में लाठी डंडे, तलवार, पिस्तौल लेकर हमारे घर के सामने आए। इनको देखकर वह

डर गया और अपने घर के अंदर चला गया। इसके बाद इन लड़कों ने हमारे घर का गेट व खिड़की

तोड़ दी।

आकाश के अनुसार इन युवकों ने हमारे घर पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। एक

ईंट का टुकड़ा उसके दाहिने पैर पर लगा। बाहर से गोलियां चलने की आवाजें आ रही थीं।

कुछ देर में चार-पांच लड़के उसके घर में घुस गए और सभी लड़के हमें जान से मारने की

धमकी देने लगे। आकाश ने बताया कि मंगलवार सुबह गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में उसके

भाई प्रवीन के साथ भी इन्ही लड़कों ने लड़ाई कर चोटें मारी थीं। हमारे घर पर आकर हमला

करने वाले लड़कों के नाम कालिया कसाना उर्फ रवि, श्याम लाल की ढाणी निवासी मोगली गुजर

उर्फ सुभाष, रिंकू चौहान, काली बद्दी, हैप्पी व गुल्लू सैनी हैं। इसके अलावा 10-15

लड़के और थे, जिनको वह नहीं जानता।

घटना के बाद आकाश की मां ने बताया कि हम घर पर सो रहे थे। छोटा लड़का शादी में

गया हुआ था। घर पर 15 से अधिक लड़के आए और हमला शुरू कर दिया। हम लड़कों को जानते तक

नहीं। हमारा किसी के साथ कोई झगड़ा नहीं है। लड़कों ने घर के बाहर खड़े होकर गोलियां भी

चलाईं। हमारा परिवार डर गया। हमने घर के गेट बंद कर दिए थे। शहर थाना प्रभारी मोहम्मद रफीक का कहना है कि इस संबंध में शिकायत मिल चुकी

है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सभी की पहचान के प्रयास किए गए हैं। शिकायत के आधार

पर 6 नामजद सहित 15 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गगा है। आरोपी युवकों की तलाश की

जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर