home page

फिरोजाबाद में युवक ने खुद को मारी गोली, मौत, पुलिस जांच में जुटी

 | 
फिरोजाबाद में युवक ने खुद को मारी गोली, मौत, पुलिस जांच में जुटी


फिरोजाबाद, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद के थाना टूंडला क्षेत्र के गांव खेड़ा में मंगलवार को एक युवक ने कथित तौर पर तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लेकर आई है और घटना की जांच में जुटी है।

थाना टूंडला क्षेत्र अन्तर्गत गांव खेड़ा निवासी आकाश (28) पुत्र राजेश उर्फ पप्पू यादव अविवाहित था और वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। परिजनों के अनुसार आकाश पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। आकाश ने कथित तौर पर अपने घर पर देशी तमंचे से सिर में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में आकाश को तत्काल उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना टूंडला पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने स्वयं को गोली मारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवाकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस सम्बन्ध में टूंडला क ेथाना प्रभारी बैजनाथ सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़