वाराणसी में पेंटर ने खुद को गोली से उड़ाया, पुलिस छानबीन में जुटी
वाराणसी, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के लंका थाना क्षेत्र के नगवा (गायत्री नगर) मोहल्ले में मंगलवार दोपहर एक 26 वर्षीय युवक ने अपने किराये के कमरे में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए । पुलिस ने शव को र पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
मूल रूप से लंका क्षेत्र के डाफी टिकरी का निवासी सोनू यादव (26 वर्ष) नगवा के गायत्री नगर में एक किराये का कमरा लेकर रहता था और पेशे से पेंटर का काम करता था। मंगलवार दोपहर अचानक सोनू के कमरे से गोली चलने की आवाज आई। आवाज सुनकर जब मकान मालिक और आस-पास के लोग कमरे की तरफ भागे, तो अंदर का खौफनाक मंजर देखकर सन्न रह गए। सोनू लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था। मकान मालिक ने इसकी जानकारी लंका थाना पुलिस को दी। लंका थाने की पुलिस के साथ भेलूपुर एसीपी गौरव कुमार भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके साथ ही साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल से सबूत और नमूने एकत्र किए हैं।
भेलूपुर एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक सोनू यादव के परिजनों को दे दी है। ------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

