बंद मकान में लाखों के जेवर—बर्तन और साड़ियों की चोरी, आग लगाने का भी प्रयास
मीरजापुर, 24 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के चील्ह थाना क्षेत्र के मुजेहरा कला गांव में शनिवार रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण, नकदी, पीतल के बर्तन और कीमती साड़ियां चोरी कर लीं। इतना ही नहीं, चोरों ने घर में आग लगाने का भी प्रयास किया, लेकिन समय रहते आग नहीं फैल सकी।
मुजेहरा कला गांव निवासी जगदीश कुमार दुबे विंध्याचल मंडल में अपर सांख्यिकी अधिकारी के पद पर तैनात हैं। शनिवार रात करीब आठ बजे बिजली न रहने के कारण वह अपने परिवार के साथ घर में ताला बंद कर भदोही जनपद के खमरिया स्थित आवास चले गए थे। रविवार सुबह पड़ोस के एक व्यक्ति ने घर की छत पर प्लास्टिक की पाइप लटकी देख चोरी की आशंका जताई और आसपास के लोगों को सूचना दी। जानकारी मिलने पर जगदीश कुमार दुबे खमरिया से अपने घर पहुंचे। मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर अंदर पहुंचे तो मकान का नजारा देखकर स्तब्ध रह गए।
चोरों ने घर के सात कमरों का ताला तोड़कर अलमारी और बॉक्स में रखे करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 60 हजार रुपये नकद, लाखों रुपये के पीतल के बर्तन और 25 कीमती साड़ियां चोरी कर लीं। चोरी गए सामान में सोने की चेन, सोने की अंगूठियां, कान की झाली, चांदी की पैजनी और अन्य आभूषण शामिल हैं।
बताया गया कि चोरों ने पहले घर के बगल स्थित रोशनदान को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता न मिलने पर पाइप के सहारे छत पर चढ़ गए। इसके बाद आंगन में लगी ग्रिल तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। चोरी करने के बाद चोरों ने प्रत्येक कमरे में कपड़ा जलाकर और गैस सिलेंडर खोलकर आग लगाने की कोशिश की, लेकिन आंगन खुला होने के कारण आग नहीं फैल सकी।
घटना की सूचना पर टेढ़वा चौकी प्रभारी संजय कुमार पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की। थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि बंद पड़े मकान में चोरी की घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

