वाराणसी में किराना दुकानदार को मारी गोली, उपचार के दौरान मौत
वाराणसी, 09 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में रोहनिया थाना क्षेत्र के सौरव विहार कालोनी के निकट जितेंद्र सिंह पटेल नामक किराना दुकानदार को मकान से कुछ दूर पर अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। देर रात हुई वारदात में मोटरसाइकिल से आए अज्ञात आरोपितों ने जितेंद्र के पीठ पर गोली मारी और भाग निकले। रात में ही जितेंद्र को रोहनिया पुलिस ने ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया था। मंगलवार की सुबह जितेंद्र की उपचार के दौरान मौत हो गई।
घटना के बाद मौका ए वारदात पर पहुंचे पुलिस उपायुक्त लिपि ने कहा कि घटना के संबंध में मुकदमा पंजीकृत कर आरोपितों की तलाश में सीसीटीवी कैमरे और सघन तलाशी कराई जा रही है। मृतक के परिजनों से भी बातचीत हुई है। किसी पुरानी रंजिश या नई लड़ाई की पूछताछ की जा रही है, जल्द ही आरोपित पकड़े जाएंगे।
वही, मृतक की मां सुदामा देवी ने बताया कि परिवार के मोहन पटेल की चंदौली में बबुरी क्षेत्र में तीन बीघा जमीन थी, जिसे एक यादव परिवार ने दस्तखत करवा कर अपने नाम कर लिया था। इसका मुकदमा चलता है। इसके अलावा किसी से कोई विवाद नहीं था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

