नाबालिक पोते ने की थी बाबा के हत्या, पुलिस ने किया खुलासा
अमेठी, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र स्थित लोढ़ियावां गांव में 75 वर्षीय हीरालाल दुबे उर्फ बदलू दुबे की हत्या का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की साजिश मृतक के ही पोते ने अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपित सुशील कुमार यादव उर्फ विनय यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो बाल अपचारियों को नियमानुसार निगरानी में लिया गया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में मंगलवार की शाम को पुलिस कार्यालय गौरीगंज में एसपी सरवणन टी. ने खुलासा करते हुए बताया कि 8 जून की सुबह हीरालाल दुबे शौच के लिए घर से निकले थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी थी। घटना के बाद मृतक के परिजन की तहरीर पर जगदीशपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। मेरे द्वारा स्थानीय थाना पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम को खुलासे के लिए लगाया गया था।
जांच और पूछताछ में पता चला कि वर्ष 2016-17 में हाईवे निर्माण के दौरान अधिग्रहित भूमि के बदले मृतक को लगभग 85 लाख रुपये का मुआवजा मिला था। इसी धनराशि और संपत्ति को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। आरोप है कि मृतक अपनी संपत्ति अपने भतीजे को देने की बात कर रहे थे, जिससे उनका पोता नाराज था। इसी कारण उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। आरोपिताें ने पहले हथियार की व्यवस्था की और फिर 8 जून की सुबह रेकी कर हीरालाल दुबे की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपिताें के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

