बागपत में बदमाशों ने व्यापारी और बेटे की गोली मारकर की हत्या, व्यापारियों ने बाजार किया बंद
बागपत, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के बड़ौत शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित बस अड्डा क्षेत्र में मंगलवार शाम पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने दुकान पर बैठे टेंट व्यापारी सोहनलाल और उनके बेटे विकास की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से गुस्साए व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिल्ली–सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। एसपी सूरज कुमार राय ने लोगों को समझाया।
एसपी ने बताया कि सोहनलाल और कुख्यात वरुण लुहारी के बीच वर्ष 2016 से रंजिश चल रही थी। उसी विवाद में वरुण के भाई की मौत हुई थी। मंगलवार शाम सोहनलाल अपने बेटे के साथ दुकान पर बैठे थे, तभी दो बाइकों पर सवार कई हमलावर वहां पहुंचे और पिस्टल व तमंचों से ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमले में सोहनलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उनके बेटे विकास ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं, राहगीर रोहित निवासी पट्टी चौधरान भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जवाबी फायरिंग में आरोपी वरुण लुहारी भी घायल हुआ है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बदमाशों को घेरने का प्रयास किया, लेकिन हमलावर हथियार छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार बंद कर हाईवे जाम कर दिया और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। खबर लिखे जाने तक एसपी सूरज कुमार राय मौके पर मौजूद हैं और व्यापारियों से बात कर रहे हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

