देवरिया में हत्या के प्रयास के मामले में पाँच अभियुक्त गिरफ्तार, एक अन्य की तलाश जारी
देवरिया, 24 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में कार्रवाई करते हुए रविवार को पांच वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया ।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि थाना सलेमपुर पुलिस ने बीएनएस से संबंधित पांच आरोपिताें को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इनमें सोनू कुमार उर्फ संदीप निवासी भठवा धरमपुर, अर्जुन राजभर व आशीष निवासी भरौली वार्ड नंबर 1 थाना सलेमपुर तथा विश्वनाथ कुमार गोसाईं और काशी कुमार गोसाईं निवासी भगतपुरा थाना मैरवां जनपद सीवान (बिहार) शामिल हैं। सभी आरोपिताें को सलेमपुर ओवरब्रिज के नीचे रेलवे लाइन के पास से गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि थाना सलेमपुर क्षेत्र के नवलपुर निवासी मीना तिवारी ने 23 मई को तहरीर देकर बताया था कि उनका पुत्र सोनू तिवारी 19 मई की रात घर लौट रहा था। आरोप है कि परान छपरा ढाले के पास उपरोक्त अभियुक्तों ने अपने एक अन्य साथी मुन्ना उर्फ जुमेरती के साथ मिलकर धारदार हथियार और ईंट से हमला कर दिया। हमले में सोनू तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया तथा उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं।
घटना के आधार पर थाना सलेमपुर में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया, जबकि फरार चल रहे एक अन्य आरोपित मुन्ना उर्फ जुमेरती की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त अर्जुन राजभर के खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

