home page

चोरों ने दो घरों में की लाखों की चोरी, जांच में जुटी पुलिस

 | 
चोरों ने दो घरों में की लाखों की चोरी, जांच में जुटी पुलिस


औरैया, 24 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद थाना क्षेत्र के मुढ़ी और खोयला गांव में शनिवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली। रविवार सुबह घटना की जानकारी होने पर गांवों में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवारों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

मुढ़ी गांव निवासी राजीव त्रिपाठी के घर चोर पीछे की गली से जंगले की सरिया तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद ऊपर कमरे में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और दस हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। परिवार के अनुसार चोरी गए सामान में सोने के हार, अंगूठियां, मंगलसूत्र, चूड़ियां, बाली, पायल समेत अन्य कीमती सामान शामिल है। चोरी गए माल की कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है। घटना के समय परिवार के सदस्य घर की छत पर सो रहे थे। वहीं, दूसरी घटना खोयला गांव में हुई, जहां विपेंद्र सिंह यादव के घर चोर कमरे के रास्ते अंदर घुस गए। कमरे में उनकी पत्नी बच्चों के साथ सो रही थीं। चोरों ने सेफ का लॉक खोलकर उसमें रखे जेवर और दस हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब 15 लाख रुपये है। लगातार हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

फफूंद थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार