home page

राहगीरों को डरा रहे थे हथियारबंद बदमाश, पुलिस ने दबोचा

 | 
राहगीरों को डरा रहे थे हथियारबंद बदमाश, पुलिस ने दबोचा


सीवान, 24 मई (हि.स.)। जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ घूम रहे दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों के पास से एक लोडेड देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की गई है। वहीं उनकी निशानदेही पर चोरी की एक पिकअप और एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।

पुलिस दोनों अपराधियों के आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुट गई है।एसपी पुरन कुमार झा ने बताया गया कि 23 मई की शाम करीब चार बजे भगवानपुरहाट थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि चकिया-राजापुर सड़क पर दो युवक हथियार के साथ राहगीरों को डरा-धमका रहे हैं तथा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।

पुलिस टीम को देखते ही दोनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने अपनी पहचान गोपालपुर निवासी हरिकिशोर प्रसाद उर्फ डॉक्टर तथा मैरी मकसूदपुर निवासी धनंजय साह के रूप में बताई। दोनों भगवानपुरहाट थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक लोडेड देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और दो मोटरसाइकिल बरामद की। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने गोपालपुर स्थित ब्रह्म बाबा स्थान के पास छापेमारी कर 22 मई को महमदा बाजार से चोरी हुई एक पिकअप और एक मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार हरिकिशोर प्रसाद उर्फ डॉक्टर का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, अपहरण, डकैती और हत्या के प्रयास समेत कई संगीन मामलों में पूर्व से केस दर्ज हैं। वहीं धनंजय साह के खिलाफ भी चोरी और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।

इस मामले में भगवानपुरहाट थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, परिचारी पुलिस अवर निरीक्षक छपित कुमार चौबे, पूजा कुमारी, सुनील कुमार, सहायक अवर निरीक्षक वीरेंद्र पांडेय समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma