home page

घरों के कमरे बाहर से बंद कर 50 लाख की चोरी, नकदी और जेवर लेकर फरार हुए चोर

 | 
घरों के कमरे बाहर से बंद कर 50 लाख की चोरी, नकदी और जेवर लेकर फरार हुए चोर


कानपुर, 24 मई (हि.स.)। सचेण्डी थाना क्षेत्र में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 50 लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश मकान में घुसकर नकदी, सोना-चांदी और अन्य कीमती सामान समेट ले गए। घटना की जानकारी सुबह उस समय हुई जब परिवार के लोग कमरों से बाहर निकलने का प्रयास करने लगे। सभी कमरों की कुंडी बाहर से बंद थी, जिससे परिवार के सदस्य अंदर ही फंसे रहे।

कटरा घनश्याम निवासी अधिवक्ता उपेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ घर में रहते हैं। उनके छोटे भाई गजेंद्र सिंह लकड़ी कारोबार से जुड़े हैं। परिवार के मुताबिक सुबह जब लोगों की आंख खुली तो कमरे बाहर से बंद मिले। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदार को फोन कर बुलाया। कुंडी खुलने के बाद जब लोग बाहर निकले तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले टूटे मिले।

परिजनों ने बताया कि चोर घर से करीब ढाई लाख रुपये नकद, 22 तोला सोना और करीब डेढ़ किलो चांदी चोरी कर ले गए। बदमाशों ने घर के कई कमरों को खंगाला और लॉकर तोड़कर उसमें रखा कीमती सामान समेट लिया। परिवार का कहना है कि चोर पीछे की दीवार फांदकर मकान के अंदर दाखिल हुए थे।

सूचना पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और एसीपी पनकी मनोज सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर साक्ष्य जुटाए। फोरेंसिक टीम ने भी जांच पड़ताल की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने रविवार को बताया कि परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप