रंगदारी वसूली और अवैध हथियार रखने के आरोप में युवक गिरफ्तार
कोलकाता, 24 मई (हि.स.)।
दुर्गापुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां तोलाबाजी (जबरन रंगदारी वसूली) के आरोप में सुदीप गुन उर्फ राजा गुन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए दुर्गापुर के न्यू टाउनशिप थाना पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुदीप गुन पर न केवल तोलाबाजी का आरोप है, बल्कि उसके पास अवैध आग्नेयास्त्र रखने का मामला भी सामने आया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी को अक्सर तृणमूल कांग्रेस के कार्यक्रमों, बैठक और रैलियों में देखा जाता था। इस मामले में विपक्ष ने आरोप लगाया है कि सुदीप गुन शासक दल के संरक्षण में काम कर रहा था, जिसके चलते वह लंबे समय तक कानून की पकड़ से बाहर रहा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

