सीवान में 62.15 ग्राम स्मैक के साथ एक गिरफ्तार
सीवान, 09 जून (हि.स.)।
मुफ्फसिल थाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 62.15 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के घर से स्मैक के अलावा इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और पेटीएम का साउंड बॉक्स भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 8 जून को सूचना मिली थी कि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लखरांव गांव निवासी ओम प्रकाश गिरी अपने घर से स्मैक की खरीद-बिक्री का अवैध धंधा चला रहा है।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस वाहन को देखते ही एक संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, जिसे पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान ओम प्रकाश गिरी के रूप में बताई।
इसके बाद उसकी निशानदेही पर घर की तलाशी ली गई, जहां से 62.15 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और एक पेटीएम साउंड बॉक्स बरामद किया गया।
बरामदगी के आधार पर मुफ्फसिल थाना में आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
इस कार्रवाई में मुफ्फसिल थानाध्यक्ष उपेन्द्र कुमार सिंह एवं थाना के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

