home page

दुकानदार पर चाकू से हमला

 | 
दुकानदार पर चाकू से हमला


भागलपुर, 24 मई (हि.स.)। जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के भुराहा चौक पर रविवार को बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया।

घायल युवक की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई है, जो अपने घर पर ही जनरल स्टोर और चाट-चाउमिन की दुकान चलाता है। घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है।

घटना को लेकर राहुल कुमार ने जगदीशपुर थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह अहले सुबह करीब तीन बजे अपनी दुकान में सोया हुआ था। इसी दौरान दरवाजा खटखटाने की आवाज आई।

दरवाजा खोलने पर एक अनजान व्यक्ति ने ठंडा पानी मांगा, राहुल ने उसे पानी दिया, जिसके बाद वह वहां से चला गया। करीब दस मिनट बाद वह युवक फिर लौटा और अन्य सामान मांगने लगा। राहुल ने उससे कहा कि दुकान खुलने का समय नहीं हुआ है और जो सामान लेना हो, एक बार में बताए।

इसके बाद भी उसने कुछ सामान लिया और चला गया। पीड़ित के अनुसार, कुछ देर बाद वह युवक तीसरी बार वापस आया और सामान बदलने की जिद करने लगा तब तक सुबह हो चुकी थी और आसपास लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी।

राहुल दुकान खुला छोड़ बाहर सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान उक्त युवक ने अचानक उसके गले पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में काफी खून बहने लगा। राहुल ने बताया कि जब तक वह कुछ समझ पाता, आरोपी ने दोबारा वार कर दिया। बचाव के दौरान उसके हाथ में भी चाकू लग गया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद राहुल ने पास में रखा सामान उठाकर प्रतिरोध किया तो आरोपी वहां से भाग निकला। भागने के दौरान आरोपी का बैग घटनास्थल पर ही छूट गया।

बैग से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान सक्षम कुमार, पिता सुरेश साह, निवासी तगेपुर के रूप में की गई। घायल राहुल कुमार को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर