home page

शिवपुरीः भौंती पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 जुआरी गिरफ्तार, 3.20 लाख रुपये का माल जब्त

 | 
शिवपुरीः भौंती पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 जुआरी गिरफ्तार, 3.20 लाख रुपये का माल जब्त


शिवपुरी, 09 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को थाना भौंती पुलिस ने जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 7 आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ताश की गड्डी, 15,160 रुपये नकद, 4 मोटरसाइकिल और 7 मोबाइल फोन सहित कुल 3 लाख 20 हजार 160 रुपये का माल जब्त किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम भदौरिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुरेश राजपूत के घर के पास कुछ लोग रुपये से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर सात आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपियों में जयप्रकाश गुप्ता, जयकुमार उर्फ जैकी लोधी, नरेन्द्र झा, आशीष कलावत, प्रहलाद लोधी, राजकुमार गुप्ता तथा सुरेश राजपूत शामिल हैं। आरोपियों के विरुद्ध थाना भौंती में अपराध क्रमांक 183/26 के तहत धारा 13 जुआ एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

चूंकि आरोपियों का अपराध सात वर्ष से कम सजा से दंडनीय है, इसलिए उन्हें धारा 35(3) बीएनएसएस का नोटिस तामील कर रिहा किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम भदौरिया, उप निरीक्षक संजय भगत, प्रधान आरक्षक मृत्युंजय सिंह तथा आरक्षक पुष्पेन्द्र सिंह चौहान, दुर्गा विजय रावत और गजेन्द्र शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा